लखनऊ, 13 अगस्त।
उत्तर प्रदेश अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर उभारने के लिए लगातार अनूठी पहल कर रहा है, जिसके तहत स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े प्रमुख स्थलों को 'स्वतंत्रता संग्राम सर्किट' के रूप में विकसित किया जा रहा है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार इस महात्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य इन ऐतिहासिक केंद्रों को केवल स्मारकों तक सीमित न रखकर उन्हें जीवंत प्रेरणा स्त्रोत बनाना है, जहाँ पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों के अमर इतिहास की जीवंत अनुभूति हो सके।
इस व्यापक परियोजना के अंतर्गत वाराणसी के करखियांव में म्यूरल पार्क, रायबरेली के ऊंचाहार में शहीद स्मारक और लखनऊ में राजा दिग्विजय सिंह के स्थल का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके साथ ही बलिया में लोकनायक जयप्रकाश नारायण, मंगल पाण्डेय और वीर कुंवर सिंह से जुड़े स्मरणोत्सव स्थलों के साथ-साथ मेरठ और सहारनपुर में भी करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे नई पीढ़ी को देशभक्ति के इतिहास से रूबरू होने का सुअवसर मिलेगा।















