पटना, 13 अगस्त।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव को राज्य के सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहायता और मार्गदर्शन देने का भरोसा दिया है। राम कृपाल यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में अमित शाह से मुलाकात की।
बैठक के दौरान राम कृपाल यादव ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र की प्रगति और उपलब्धियों के साथ इससे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए राज्य में कई स्तरों पर काम किया जा रहा है।
मंत्री ने सकरी, मधुबनी में सहकारी चीनी मिल की स्थापना, बिहार राज्य सहकारिता नीति-2026, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन, सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने, विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना और अंतरराज्यीय सहकारी समितियों की सदस्यता जैसी प्रमुख पहलों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।
राम कृपाल यादव ने बिहार में सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण और पैक्स को बहुउद्देशीय सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया। उन्होंने ‘सहकारिता में सहकार’ के तहत बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, पैक्स और सहकारी पदाधिकारियों के प्रशिक्षण तथा सहकारी उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की योजनाओं की जानकारी दी।
इन प्रमुख मुद्दों पर रखी मांग
बिहार में सहकारिता क्षेत्र को गति देने के लिए राम कृपाल यादव ने केंद्रीय मंत्री के सामने पैक्स के कंप्यूटरीकरण, बहुउद्देशीय सेवा केंद्रों के विकास और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान तेजी से कराने जैसे विषय रखे। उन्होंने राज्य खाद्य निगम को समय पर राशि उपलब्ध कराने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी चर्चा की।
अमित शाह ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान बिहार के विकास से जुड़े विषयों के साथ समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।















