राजनांदगांव, 13 अगस्त।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कारोबारी नाहटा और भंसाली से जुड़े तीन ठिकानों पर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार भोपाल और रायपुर से पहुंची ईडी की अलग-अलग टीमों ने शहर से सटे तीन स्थानों पर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से जुड़े कथित घोटाले में हुए वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में की गई है।
ईडी की टीम सत्यम विहार कॉलोनी स्थित यश नाहटा और रोमिल नाहटा के आवास तथा व्यावसायिक परिसरों में जांच कर रही है। इसके अलावा कामठी लाइन स्थित कारोबारी मनीष भंसाली के भंसाली किराना भंडार से संबंधित ठिकानों पर भी अधिकारियों ने दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले।
जानकारी के मुताबिक ईडी के अधिकारी सुबह करीब 6 बजे राजनांदगांव पहुंचे। इसके बाद संबंधित परिसरों में एक साथ जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेजों के साथ वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की भी पड़ताल की। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जांच वाले परिसरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की मौजूदा कार्रवाई डीएमएफ से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। हालांकि जांच एजेंसी की ओर से अभी तक कार्रवाई के कारण और इसके दायरे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
नाहटा और भंसाली से जुड़े इन ठिकानों पर अक्टूबर 2025 में भी ईडी की टीम कार्रवाई कर चुकी है। मौजूदा जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा पुराने और नए वित्तीय रिकॉर्ड समेत संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।















