जलपाईगुड़ी, 14 अगस्त।
जलपाईगुड़ी में तीस्ता रेल पुल के पास शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। आसपास शराब की कई बोतलें भी पड़ी मिलीं।
सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने घटनास्थल से नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले की जांच में फॉरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तीस्ता रेल पुल के आसपास अक्सर नशे का जमावड़ा रहता है। रात के समय अलग-अलग जगहों से लोग यहां पहुंचकर शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। प्रारंभिक तौर पर युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।















