पटना, 14 अगस्त।
बिहार सरकार के सहकारिता विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत तुषार कुमार ने खेल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नाइजीरिया के लागोस में आयोजित सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 में उन्होंने भारतीय पुरुष फॉयल टीम के साथ कांस्य पदक जीता। उनकी इस सफलता से बिहार और देश का गौरव बढ़ा है।
तुषार कुमार की उपलब्धि पर सहकारिता विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता तुषार की मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास का परिणाम है। मंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मंत्री ने कहा कि सहकारिता विभाग के कर्मचारी ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य और देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने तुषार की उपलब्धि को पूरे विभाग के लिए गौरव और खुशी का अवसर बताया।
उन्होंने विश्वास जताया कि तुषार कुमार आने वाले समय में भी अपने प्रदर्शन को बेहतर करते हुए बिहार और देश का नाम रोशन करते रहेंगे। विभाग की ओर से उनके खेल करियर में आगे भी सफलता की कामना की गई।
सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह और निबंधक, सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह ने भी तुषार कुमार की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। दोनों अधिकारियों ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
तुषार की उपलब्धि पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी खुशी जाहिर की। विभागीय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे होने वाली प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगे।















