औरैया, 14 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र स्थित असेवा गांव में पूर्व सांसद फूलन देवी निषाद की जयंती पर निकले जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद शुक्रवार को चौथे दिन भी पुलिस बल तैनात रहा। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच चल रही है।
मंगलवार को जयंती के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप लगाए।
जुलूस में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। दूसरी ओर, ग्राम प्रधान नाथू राम की शिकायत में जुलूस के लिए अनुमति नहीं लेने, डीजे पर आपत्तिजनक गाने बजाने, तमंचे लहराने और हवाई फायरिंग के आरोप लगाए गए हैं।
दोनों पक्षों से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव में स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
उपनिरीक्षक राजानाती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को गांव में गश्त की और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था जारी रखी गई है।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल के अनुसार, मामले की जांच बबाइन चौकी प्रभारी को सौंपी गई है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















