औरैया, 14 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से उपजे खतरे का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित अस्ता गांव का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात करके पिछली आपदाओं और मौजूदा समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से पूरी मदद का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित महकमों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर तत्काल नावों का प्रबंध किया जाए और निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी रखी जाए। इसके साथ ही राशन किट बांटने, पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने तथा पशुओं के लिए चारे व टीकाकरण की पुख्ता व्यवस्था करने के कड़े आदेश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने हिदायत दी कि प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सीय टीमें तैनात रहें और सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों में तुरंत उपचार मिले। बिजली आपूर्ति से लेकर तमाम मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने और आपसी समन्वय से काम करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।















