रांची, 14 अगस्त।
कोयला कारोबारी एलबी सिंह के करीबी ओम प्रकाश सिंह से प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को पूछताछ की। जांच एजेंसी ने 28 जुलाई को हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर ओम प्रकाश सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा था। समन मिलने के बाद वह निर्धारित समय पर ईडी कार्यालय पहुंचा।
ईडी कार्यालय में जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों ने ओम प्रकाश सिंह से पूछताछ शुरू की। जांच का मुख्य केंद्र बैंक खाते और वित्तीय लेनदेन बताए जा रहे हैं। एजेंसी एलबी सिंह की कारोबारी गतिविधियों से जुड़े खातों में हुए लेनदेन और उनसे संबंधित जानकारियों की पड़ताल कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार धनबाद में दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान एलबी सिंह के करीबी लोगों के ठिकानों से कई अहम दस्तावेज मिले थे। इन दस्तावेजों की शुरुआती जांच में ईडी को ऐसे बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली, जो कथित तौर पर एलबी सिंह की व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अन्य लोगों के नाम पर खोले गए थे।
जांच एजेंसी को आशंका है कि इन खातों में व्यापार से जुड़ी रकम जमा की जाती थी। हालांकि संबंधित खातों के नाम जिन लोगों पर थे, उनके बजाय दूसरे लोग कथित तौर पर इनका संचालन करते थे। ईडी अब इन खातों के इस्तेमाल और लेनदेन की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एलबी सिंह ने कथित तौर पर अपनी कारोबारी गतिविधियों के लिए ओम प्रकाश सिंह के नाम पर एक बैंक खाता खुलवाया था। ईडी इस खाते के संचालन, उसमें हुए वित्तीय लेनदेन और रकम के स्रोत समेत विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित बैंक खातों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया और इनके जरिए हुए लेनदेन में कौन-कौन लोग शामिल रहे। बरामद दस्तावेजों और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ईडी अपनी जांच आगे बढ़ा सकती है।















