चंडीगढ़, 14 अगस्त।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि पार्टी पंजाब में धार्मिक सद्भाव और शांति को बनाए रखने के लिए किसी भी तरह का बलिदान देने को तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रविरोधी और पंजाब विरोधी ताकतों को राज्य का माहौल बिगाड़ने या शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर घटना की जानकारी ली। सुखबीर बादल ने इस कठिन समय में संपर्क करने और घटना की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए अमित शाह का आभार जताया।
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारे में हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पहली प्रतिक्रिया में सुखबीर बादल ने अपने पिता प्रकाश सिंह बादल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने भी ऐसी ताकतों के खिलाफ कभी समझौता नहीं किया। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने उस समय सक्रिय गलत तत्वों के बावजूद पंजाब में सभी धर्मों के बीच भाईचारे की सांझ बनाए रखी थी। सुखबीर बादल ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना पंजाब की नीति का आधार रहा है।
सुखबीर बादल ने कहा कि करीब डेढ़ साल पहले अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब परिसर में भी इसी विचारधारा से जुड़ी ताकतों ने उन्हें निशाना बनाया था। अब एक बार फिर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़ी पवित्र जगह पर उन पर हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे कृत्यों से न तो डरेंगे और न ही इन तत्वों के सामने झुकेंगे।
उन्होंने कहा कि धार्मिक सद्भाव, देश और पंजाब की प्रगति के लिए अकाली दल किसी भी बलिदान से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने इसे पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
सुखबीर बादल ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का अपनी धरती पर रक्षा करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि शांति के दुश्मनों ने उन्हें नुकसान पहुंचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गुरु साहिब ने उनकी रक्षा की। उन्होंने कहा कि उनका विश्वास है कि गुरु का आशीर्वाद प्राप्त व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।
इस बीच बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने सुखबीर बादल की सेहत के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी लेने के लिए फोन करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने घटना का तत्काल संज्ञान लेने और केंद्रीय जांच एजेंसियों को महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय कर जांच करने का निर्देश देने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भी कठिन समय में संपर्क करने और घटना की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया।















