काठमांडू, 16 अगस्त।
नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बीच जाजरकोट जिले की भेरी नगरपालिका के रिसाड़ क्षेत्र में भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद चार लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, रिसाड़ की 54 वर्षीय उमा सिंह खत्री और 83 वर्षीय रती खत्री के शव बरामद कर लिए गए हैं। 52 वर्षीय केदार कार्की ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
लापता लोगों में भेरी नगरपालिका चिसापानी के 70 वर्षीय भीम बहादुर कार्की और गैरीगांव के 14 वर्षीय हरिस बीके शामिल हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
भूस्खलन से क्षेत्र के आठ घरों को भी भारी नुकसान हुआ है। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुए हादसे में सात लोग घायल हुए। घायलों में 62 वर्षीय राम बहादुर शाही, 45 वर्षीय सिद्धि बहादुर कामी, 58 वर्षीय कमला कार्की, 23 वर्षीय अनिता कार्की, 10 वर्षीय युनिस शाही, 45 वर्षीय सुन्तली चदरा और 61 वर्षीय भद्रकला कार्की शामिल हैं।
राम बहादुर शाही और भद्रकला कार्की की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को इलाज के लिए नेपालगंज और सुर्खेत भेजा गया है।
बचाव अभियान के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम को रविवार सुबह से लगाया गया है। टीम की कमान सशस्त्र पुलिस निरीक्षक कमल कार्की संभाल रहे हैं।
घटनास्थल पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट, नेपाली सेना और नेपाल पुलिस के कुल 155 जवान तैनात हैं। लापता लोगों की तलाश के साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी जा रही है।
भूस्खलन के खतरे को देखते हुए संबंधित वार्ड के 200 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। इन लोगों को त्रिभुवन आधारभूत विद्यालय के भवन में स्थानांतरित किया गया है।















