इंदौर, 17 अगस्त।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के दशहरा मैदान स्थित उद्यान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन किया। नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा अन्नपूर्णा रोड स्थित दशहरा मैदान के उद्यान में अटल जी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा और पेडस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 197.13 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली यह प्रतिमा अटल जी के व्यक्तित्व, स्मृतियों और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्थायी स्वरूप देगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दशहरा मैदान जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर अटल जी की प्रतिमा स्थापित करना महज स्मारक निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रतिमा नागरिकों और विशेषकर युवाओं को अटल जी के जीवन, राष्ट्रप्रेम, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराने का काम करेगी।
चार माह में प्रतिमा स्थापना और पेडस्टल निर्माण का कार्य पूरा करने का प्रस्ताव है। नगर निगम इंदौर द्वारा कराए जा रहे इस कार्य में कुल 197.13 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रस्तावित प्रतिमा की ऊंचाई 25 फीट रहेगी और इसे गनमेटल धातु से बनाया जाएगा। प्रतिमा स्थल अटल जी की राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को समर्पित स्थायी स्मारक के रूप में विकसित होगा। यहां आने वाले नागरिकों और युवाओं को उनके जीवन तथा विचारों से प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, विधायकगण श्रीमती मालिनी गौड़, श्री रमेश मेंदोला, श्री मधु वर्मा, श्री महेंद्र हार्डिया और श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा, श्री प्रताप करोसिया, श्री सत्यनारायण सत्तन, श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री गौरव रणदिवे, संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।















