आसनसोल, 17 अगस्त।
पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने सोमवार को अपने रघुनाथपुर दौरे के दौरान आसनसोल के चौरंगी मोड़ स्थित रामपुर आरटीओ कार्यालय और चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और राजस्व संग्रह की स्थिति का जायजा लिया तथा तकनीकी ढांचे में मौजूद कमियों को दूर करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के पश्चात मंत्री ने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को पूरी तरह से ऑनलाइन किया जा रहा है ताकि नागरिकों को पारदर्शी सेवाएं मिल सकें और राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सके। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए मुख्यालय से सीधी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भ्रष्टाचार पर लगाम कस सके। हालिया कार्रवाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गलत कार्य करने वालों को परिणाम भुगतने होंगे, लेकिन इससे विभाग के कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।















