दुर्गापुर, 17 अगस्त।
दुर्गापुर सर्किट हाउस में रविवार की रात परिवहन व्यवस्था से जुड़े तमाम अहम पहलुओं को लेकर राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बस सेवाओं के स्तर को सुधारना, यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार करना और राज्य में राजस्व संग्रह को बेहतर बनाना रहा।
बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने विभिन्न रूटों पर बसों की आवाजाही और उसकी प्रभावशीलता की गहराई से समीक्षा की तथा अधिकारियों को यात्रियों की समयबद्धता और संतुष्टि का पूरा ख्याल रखने के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई और चंद्रशेखर बनर्जी के साथ-साथ एसबीएसटीसी के प्रबंध निदेशक, उप प्रबंध निदेशक समेत परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।















