बालुरघाट, 17 अगस्त।
दक्षिण दिनाजपुर जिले के मुख्यालय बालुरघाट स्थित स्थानीय स्टेडियम में आगामी 18 अगस्त को एक भव्य रोजगार मेला यानी स्किल मेले का आयोजन किया जा रहा है। देश के कोने-कोने से तमाम नामी कंपनियां और जॉब प्रोवाइडर इस वृहद आयोजन में शिरकत करेंगे, जिसे लेकर स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री तथा स्थानीय सांसद सुकांत मजूमदार ने एक वीडियो संदेश जारी कर उत्तर बंगाल और पड़ोसी जिलों के सभी युवक-युवतियों से इस सुनहरे अवसर का भरपूर लाभ उठाने की अपील की है।
जारी संदेश के मुताबिक इस रोजगार मेले में सौ से अधिक दिग्गज कंपनियों के शामिल होने की पूरी उम्मीद है, जहां विभिन्न स्टॉल के माध्यम से उम्मीदवारों की योग्यता और कार्यकुशलता का मूल्यांकन कर उन्हें उपयुक्त नौकरी के अवसर प्रदान किए जाएंगे। सांसद मजूमदार ने इस अनूठी पहल के लिए केंद्रीय कौशल विकास मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से आयोजित हो रहे ऐसे मेलों से युवाओं को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उनके कौशल को निखारा जाएगा।















