नई दिल्ली, 17 अगस्त।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने सोमवार को देशवासियों को नाग पंचमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। सभी ने लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
अमित शाह ने पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान महादेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और सौभाग्य आने की कामना की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सह-अस्तित्व की भावना हमेशा से रही है। उन्होंने नाग पंचमी को इसी जीवन-दृष्टि से जुड़ा पर्व बताते हुए प्रकृति, पर्यावरण संतुलन और प्रत्येक जीव के सम्मान का संदेश दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नाग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और मंगल लेकर आए।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नाग देवता की स्तुति से जुड़ा मंत्र साझा किया। उन्होंने लिखा- ॐ भुजंगेशाय विद्महे, सर्पराजाय धीमहि, तन्नो नागः प्रचोदयात्।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भगवान महादेव और नाग देवता से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य बनाए रखने की प्रार्थना की।















