नई दिल्ली, 17 अगस्त।
देश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहने की संभावना है।
दिल्ली में मंगलवार को सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बुधवार और गुरुवार को भी सुबह से दोपहर के दौरान हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान सामान्य बना रह सकता है।
राजधानी में सोमवार को भी हल्की बारिश का अनुमान था, लेकिन दिन में धूप निकलने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
पूर्वी भारत में ज्यादा असर
पूर्वी भारत में कम दबाव के क्षेत्र का प्रभाव सबसे अधिक दिखाई देने की संभावना है। 18 से 23 अगस्त के बीच अंडमान-निकोबार, गांगेय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार तथा ओडिशा में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। 18 अगस्त को झारखंड में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मध्य भारत में 18 से 21 अगस्त तक मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 और 19 अगस्त को बहुत भारी बारिश की आशंका है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 21 अगस्त के बीच झमाझम बारिश होने का अनुमान है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिम और दक्षिण में भी बारिश
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 23 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। गुजरात क्षेत्र में 18 से 23 अगस्त के बीच कहीं-कहीं से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्सों में तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर सक्रिय रहेगा। 18 और 19 अगस्त को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कई राज्यों में पहले भी हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में देश के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। ओडिशा में 21 सेंटीमीटर बारिश हुई। उत्तराखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
असम, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, बिहार और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।















