भोपाल, 17 अगस्त।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं क्रियान्वयन ट्रस्ट की तीसरी अपेक्स मॉनिटरिंग अथॉरिटी की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में हिस्सा लेने के लिए वह सुबह भोपाल के राजाभोज विमानतल से दिल्ली रवाना हुए।
दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। बैठक में इसी उद्देश्य से प्रदेश में चल रही गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में दिल्ली-नागपुर औद्योगिक कॉरिडोर, भारत औद्योगिक विकास योजना, प्रदेश में एक्सप्रेस-वे आधारित औद्योगिक विकास और लॉजिस्टिक्स अवसंरचना को मजबूत करने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं क्रियान्वयन ट्रस्ट की तीसरी अपेक्स मॉनिटरिंग अथॉरिटी बैठक सोमवार को नई दिल्ली के होटल अशोका में होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी।
बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जल मार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी शामिल होंगे।
इसके अलावा नीति आयोग के पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ विभिन्न योजनाओं की दिशा पर भी विचार किया जाएगा।















