पटना, 17 अगस्त।
बिहार के लखीसराय जिले स्थित अशोकधाम शिव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए जुटी भारी भीड़ में भगदड़ मच गई। हादसे में करीब सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की है। कई श्रद्धालु घायल हुए हैं और मृतकों में सभी महिलाएं बताई गई हैं।
बताया गया कि मंदिर में जलाभिषेक के लिए करीब 55 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए।
घटना के बाद प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से अभी मृतकों की निश्चित संख्या जारी नहीं की गई है।
पहचाने गए मृतकों में मधुबाला देवी, मनमाला देवी, रिंकू देवी और हेमलता देवी शामिल हैं। ये बड़हिया, सफिया सराय मुंगेर और प्रतापपुर हलसी लखीसराय क्षेत्र की रहने वाली थीं।
घायलों में मौसम कुमारी, मुस्कान कुमारी, ममता देवी, विमला देवी, रीना कुमारी, शिवानी कुमारी और कबीला देवी शामिल हैं। सभी घायल महिलाएं हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही घायलों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 6:30 बजे अशोक धाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। रात में यहां बिजली का एक खंभा गिर गया था।
सुबह श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने के दौरान किसी व्यक्ति ने खंभे में करंट होने की अफवाह फैला दी। इसी के बाद लोगों में डर फैल गया और भगदड़ की स्थिति बन गई।














