सिलीगुड़ी, 17 अगस्त।
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित सेवक रोड के इंडस्ट्रियल पार्क में सोमवार की सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री के भीतर अचानक भीषण आग भड़क उठने से पूरे क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि कुछ ही पलों में पूरी फैक्ट्री उसकी चपेट में आ गई और आसमान में काले धुंए का गुबार छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े दस बजे कारखाने के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर भक्तिनगर थाने की पुलिस और पुलिस कमिश्नर सैयद वाकर रजा ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल की गहन जांच की जाएगी।















