उज्जैन, 17 अगस्त।
सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के दुर्लभ संयोग के चलते उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन के दौरान हरसिद्धि मंदिर के पास बनाए गए बैरिकेडिंग क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।
भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की और दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हो गई। प्रभावित श्रद्धालुओं में सागर (15), सजीव नोनू चौधरी (36), खुशी (20), हरीशचंद (26), तुलसी (15) और जय (12) समेत कुल 13 लोग शामिल हैं।
घटना के बाद परिजनों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से सभी श्रद्धालुओं को उज्जैन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं की स्थिति फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है।
वर्ष में एक बार खुलते हैं पट
महाकालेश्वर मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार नागपंचमी पर 24 घंटे के लिए खोले जाते हैं। इस बार रविवार रात 12 बजे कपाट खुले और सोमवार रात 10 बजे तक दर्शन के लिए खुले रहेंगे।
सावन सोमवार और नागपंचमी के एक साथ पड़ने के कारण देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। दोपहर तक 5.50 लाख से अधिक श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर और 2.60 लाख से ज्यादा भक्त बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके थे।
प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंध समिति ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अस्पताल में भर्ती सभी श्रद्धालुओं की हालत नियंत्रण में बताई गई है।















