देहरादून, 17 अगस्त।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच प्रमुख नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय जल आयोग की सोमवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी निशान के करीब पहुंच गई हैं। गंगा के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग और केंद्रीय जल आयोग भी हालात की निगरानी कर रहे हैं।
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा का जलस्तर 625.90 मीटर दर्ज हुआ। यहां चेतावनी निशान 626 मीटर और खतरे का निशान 627 मीटर है। मंदाकिनी 624.88 मीटर पर रही, जो चेतावनी निशान से केवल 0.12 मीटर नीचे है। दोनों नदियों का जलस्तर फिलहाल स्थिर बताया गया है।
जोशीमठ में अलकनंदा का जलस्तर 1375.64 मीटर दर्ज हुआ और पिछले 24 घंटे में 17.4 मिलीमीटर बारिश हुई। पिंडर नदी के नंदकेसरी क्षेत्र में 71.4 मिलीमीटर बारिश के बीच जलस्तर 1264.60 मीटर दर्ज किया गया।
ऋषिकेश में गंगा 339.10 मीटर पर रही, जबकि चेतावनी निशान 339.50 मीटर है। हरिद्वार में नदी का जलस्तर 292.26 मीटर दर्ज हुआ, जहां चेतावनी निशान 293 मीटर है। दोनों स्थानों पर गंगा का रुख बढ़ता हुआ दर्ज किया गया।
हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज में सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 292 मीटर और बहाव 93,700 क्यूसेक रहा। डाकपत्थर बैराज में यमुना का जलस्तर 454.90 मीटर और बहाव 20,822 क्यूसेक दर्ज हुआ। श्रीनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रामनगर को बाढ़ पूर्वानुमान के प्रमुख केंद्रों में रखा गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश के दौर की भी आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में शामा में सबसे अधिक 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। तेजम में 120, बंगापानी में 105, डीडीहाट में 90 और लोहारखेत में 83 मिलीमीटर बारिश हुई। नैनीताल में 37.5 और चमोली में 35.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
सुबह 8:30 बजे तक देहरादून का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री, पंतनगर का 25.1, मुक्तेश्वर का 16.4 और नई टिहरी का 16 डिग्री सेल्सियस रहा। देहरादून में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों के दौर की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील नदी घाटियों तथा निचले क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।














