रांची, 18 अगस्त।
धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह और भाई विश्व विजय सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होने के लिए एक-एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है। ईडी ने रंजीत सिंह को 18 अगस्त और विश्व विजय सिंह को 19 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण में सामने आए दस्तावेजों की प्रारंभिक पड़ताल के बाद एलबी सिंह के दोनों रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया। जांच के दौरान कथित तौर पर यह जानकारी सामने आई कि रंजीत सिंह और विश्व विजय सिंह के बैंक खातों में बीसीसीएल की ओर से किए गए काम के बदले रकम भेजी गई थी।
जांच एजेंसी को दोनों के बैंक खातों में बड़े स्तर पर वित्तीय लेनदेन होने की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि दोनों खातों के जरिए प्रतिदिन औसतन करीब दो-दो करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। ईडी इन लेनदेन से जुड़े वित्तीय पहलुओं की भी जांच कर रही है।
जांच के दौरान रंजीत सिंह के नाम पर करीब 18 से 20 करोड़ रुपये की सावधि जमा होने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। ईडी अब इन वित्तीय लेनदेन के साथ रकम के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।















