श्रीनगर, 18 अगस्त।
जम्मू-कश्मीर की क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत एक संगीन मामले में विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार विरोधी न्यायालय के समक्ष औपचारिक आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है। यह कानूनी कार्रवाई गुलाम अहमद गनी निवासी मीरगुंड जिला बडगाम के खिलाफ अमल में लाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरी जांच प्रक्रिया एक लिखित शिकायत पर आधारित थी, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि संबंधित आरोपी जो पूर्व से ही क्राइम ब्रांच की एक अन्य एफआईआर में नामजद था, ने अपनी जांच को प्रभावित करने तथा जांच अधिकारी को रिश्वत देने की नीयत से उसके निजी बैंक खाते में दस हजार रुपए की रकम ट्रांसफर की थी।
शिकायत मिलने के फौरन बाद अधिकारियों द्वारा मामले की तकनीकी और तथ्यात्मक तफ्तीश का आदेश दिया गया था, जिसके दौरान तमाम प्रासंगिक साक्ष्यों का संकलन किया गया। की गई गहन पड़ताल में आरोपी की संलिप्तता पूरी तरह प्रमाणित पाई गई, जिसके पश्चात अभियोग पत्र तैयार कर न्यायिक निर्णय हेतु अदालत में पेश कर दिया गया।















