गुवाहाटी, 18 अगस्त।
असम में बाढ़ की स्थिति अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। राज्य के पांच जिलों के 147 गांवों में 31,918 लोग अब भी प्रभावित हैं। नदियों का जलस्तर सामान्य स्तर पर पहुंच गया है और प्रभावित लोग जनजीवन को दोबारा पटरी पर लाने में जुटे हैं। इस बीच शिवसागर जिले में एक और व्यक्ति का शव बरामद किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सोमवार को शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों के 31,951 बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अंतरिम राहत राशि जारी की। अब तक प्रभावित परिवारों को अंतरिम सहायता के रूप में 146.26 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों को सामान्य जीवन शुरू करने के लिए हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 17 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। शिवसागर में एक और शव मिलने के बाद बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 106 हो गई है। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट शामिल हैं।
फिलहाल गोलाघाट, शिवसागर, नगांव, बिश्वनाथ और जोरहाट समेत पांच जिलों में बाढ़ का असर बना हुआ है। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 11 राहत शिविर और चार राहत वितरण केंद्र सहित कुल 15 शिविर संचालित रखे हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात हैं। सोमवार को राज्य सरकार ने प्रभावित इलाकों में छह मेडिकल टीमों को भी भेजा।
बाढ़ के कारण राज्य में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।















