देवरिया, 18 अगस्त।
देवरिया के बनकटा थाना क्षेत्र में किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को उसके बैदौली बुजुर्ग स्थित घर से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को बनकटा क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय संजू कुमारी ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। इसके बाद मामले की विवेचना शुरू करते हुए पुलिस ने विभिन्न साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य धाराएं भी बढ़ाई हैं। इसके बाद पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने मुकदमे से संबंधित बैदौली बुजुर्ग निवासी विनय कुमार प्रजापति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार मौर्य, कांस्टेबल चंद्रशेखर और महिला कांस्टेबल श्रद्धा वर्मा शामिल रहीं।















