भोपाल, 18 अगस्त।
नगर निगम परिषद की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राज्यीय बस टर्मिनस स्थित निगम परिषद सभागृह में होगी। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में निगम की खाली पड़ी व्यावसायिक संपत्तियों को किराए और लीज पर देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इन प्रस्तावों के जरिए निगम की आय बढ़ाने और वित्तीय स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
बैठक में न्यू मार्केट स्थित रिक्त कार्यालय को न्यूनतम 6.24 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर देने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं गोविंदपुरा स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय के अगले हिस्से के लिए करीब 6.98 लाख रुपए प्रतिमाह और मनीषा मार्केट, शाहपुरा स्थित कार्यालय के लिए 8.21 लाख रुपए प्रतिमाह किराया निर्धारित करने का प्रस्ताव है।
इसी तरह आईएसबीटी स्थित चारों तलों के कुल 4,431 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल को न्यूनतम 18.01 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर आवंटित करने का प्रस्ताव एजेंडे में शामिल है। 6 नंबर बस स्टॉप के पास स्थित महिला हॉकर्स कॉर्नर के लिए 20.35 लाख रुपए वार्षिक भू-भाटक तय कर ई-निविदा जारी करने की तैयारी है।
माता मंदिर स्थित हर्षवर्धन कॉम्प्लेक्स के 1,951 वर्ग मीटर क्षेत्र को 4.65 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर देने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। इसके अलावा स्मार्ट सिटी सर्विस ब्लॉक (जोन-7) को 30 साल की लीज अथवा मासिक किराए पर देने के प्रस्ताव पर भी परिषद निर्णय लेगी।
जनहित के मुद्दे एजेंडे से गायब होने का आरोप
बैठक के एजेंडे को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने आपत्ति जताई है। विपक्ष का कहना है कि कार्यसूची में शहर के आम लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को पर्याप्त जगह नहीं दी गई है। कांग्रेस पार्षद बैठक में इसका विरोध दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
बैठक में पार्षदों द्वारा जनहित और विकास कार्यों से जुड़े पूछे गए प्रश्नों के जवाब भी दिए जाएंगे। इसके अलावा परिषद अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की जा सकेगी।















