जगदलपुर, 19 अगस्त।
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत की जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। बुधवार को पुलिस ने उसे विशेष पॉक्सो न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शिक्षक ने नाबालिग छात्रा को अपने केबिन में बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने छात्रा के साथ अश्लील हरकत और दुर्व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच की और पुष्टि होने पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
जगदलपुर के सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि शिक्षक द्वारा छात्रा को केबिन में बुलाने के बाद उसके साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के साथ बीएनएस की धारा 75 और 74 के तहत प्रकरण दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे बुधवार को विशेष पॉक्सो न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए गए।















