राजगढ़, 19 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार, 20 अगस्त को दोपहर 2 बजे मंगल भवन राजगढ़ से कलश वंदन यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगल भवन से प्रारंभ होने वाली यात्रा में संत-महात्माओं के साथ बैंड-बाजे, ढोल, महिला मंडल, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा जिले के सभी 29 मंडलों से होकर गुजरेगी और गांव-गांव पहुंचकर समाज के सभी वर्गों को सामाजिक समरसता का संदेश देगी।
गुर्जर ने कहा कि जातिवाद की चुनौतियों के बीच समाज में समानता, भाईचारा और आपसी समरसता स्थापित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संत रविदास महाराज का जीवन और उनके विचार समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली शेर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र मिट्टी और पावन जल से कलश तैयार किए गए हैं। यात्रा के माध्यम से इन कलशों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर संत रविदास जयंती, माघ पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक चलेगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार जिला सह मीडिया प्रभारी जगदीश दास ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रताप मंडलोई, जिला महामंत्री देवीसिंह सोंधिया, जिला कोषाध्यक्ष शैलेश गुप्ता, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मोना सुस्तानी, जिला कार्यालय मंत्री श्याम मंडलोई, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।














