मुंबई, 19 अगस्त।
दशहरा 2026 के मौके पर दर्शकों को एक नई फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर देखने को मिलेगी। यामी गौतम धर अभिनीत फिल्म 'नई नवेली' 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अमेज़न एमजीएम स्टूडियो और कॉलर येलो के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। फिल्म का संगीत जी.वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।
फिल्म की कहानी मेरठ के एक बेहद अजीब और अव्यवस्थित परिवार में आने वाली एक दुल्हन के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। परिवार में पहुंचने के बाद वह खुद को एक आदर्श बहू के रूप में ढाल लेती है और उसकी मौजूदगी से घर में खुशियों का माहौल बन जाता है। लेकिन कुछ समय बाद घटनाक्रम में रहस्य और फैंटेसी का प्रवेश होता है।
दुल्हन के देवर को उसके व्यवहार पर संदेह होने लगता है। उसके मन में सवाल उठता है कि कहीं उसकी भाभी डायन तो नहीं है। इसके बाद परिवार के रिश्तों, हास्य, रोमांच और रहस्य से जुड़े घटनाक्रम कहानी को नया मोड़ देते हैं। फिल्म में यामी गौतम धर का किरदार मासूमियत, गर्मजोशी और शरारत का अनोखा मेल लिए नजर आएगा।
निर्माता आनंद एल राय के अनुसार, फिल्म की कहानी अपने अलग संसार और लगातार चौंकाने वाले घटनाक्रम के कारण खास है। इसमें पारिवारिक रिश्तों, फैंटेसी, हास्य और रोमांच को एक साथ पिरोया गया है। वहीं अमेज़न एमजीएम स्टूडियो के निदेशक और प्राइम वीडियो इंडिया एवं अमेज़न एमजीएम स्टूडियो के एसवीओडी ओरिजनल्स प्रमुख निखिल मधोक ने इसे दशहरा के लिए उपयुक्त पारिवारिक मनोरंजन बताया।
निर्माताओं को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान परिवार के साथ सिनेमाघर पहुंचने वाले दर्शकों को फिल्म का यह अनोखा मेल पसंद आएगा। यामी गौतम का नया अंदाज, मेरठ का अतरंगी परिवार और दुल्हन के डायन होने का रहस्य फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।















