भोपाल, 19 अगस्त।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में 35 वर्षीय पिता शुभम अवस्थी की मौत हो गई, वहीं उनका सात वर्षीय बेटा माधव गंभीर रूप से घायल है। हादसा अंकित परिसर के पास रात करीब 12 बजे हुआ।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार, हादसे के समय 21 वर्षीय आरोपित चालक नशे में था। बताया गया कि कार चलाते समय उसने ब्रेक के स्थान पर गलती से एक्सेलरेटर दबा दिया। इससे वाहन अनियंत्रित हो गया। हादसे के बाद कार का स्पीडोमीटर 90 किलोमीटर प्रति घंटे पर अटका मिला। बेकाबू कार ने स्कूटी को टक्कर मारने से पहले सड़क पर मौजूद कुछ अन्य लोगों को भी चपेट में लिया।
इसके बाद इनोवा ने स्कूटी को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के प्रभाव से शुभम अवस्थी और उनका सात वर्षीय बेटा माधव उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर हालत में शुभम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा। वहीं माधव का उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है।
पार्टी में जाने के लिए परिचित से मांगी थी कार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक ने अपने परिचित से इनोवा कार मांगी थी और उससे पार्टी में शामिल होने गया था। दुर्घटना के बाद कार की तलाशी लेने पर एक खाली और एक भरी हुई शराब की बोतल, डिस्पोजल तथा आपत्तिजनक सामग्री मिली। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे आरोपी चालक को बचाव मिला।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। गुस्साए लोगों ने इनोवा कार में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।















