जेरिको, 20 अगस्त।
भारत ने फिलिस्तीन में अपनी आठवीं त्वरित प्रभाव परियोजना के तहत जेरिको स्थित महिला चैरिटेबल सोसाइटी स्कूल की शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाया है। इस पहल का लक्ष्य स्थानीय विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। परियोजना के अंतर्गत स्कूल की कक्षाओं में कंप्यूटर सहित अन्य जरूरी शैक्षणिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) राजदूत श्रीप्रिया रंगनाथन ने जेरिको महिला चैरिटेबल सोसाइटी स्कूल में परियोजना का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जेरिको और जॉर्डन घाटी के राज्यपाल डॉ. हुसैन हमायेल समेत स्थानीय अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद नए कंप्यूटर कक्ष और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।
भारत की त्वरित प्रभाव परियोजनाएं स्थानीय समुदायों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छोटे स्तर की विकास योजनाओं को सहयोग देती हैं। फिलिस्तीन में भारत इन परियोजनाओं के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी और सामुदायिक विकास से जुड़े क्षेत्रों में स्थानीय लोगों तक प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने पर जोर दे रहा है।















