राजगढ़, 20 अगस्त।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में सुबह के समय बढ़ते यातायात दबाव और हादसों की आशंका को देखते हुए नगरपालिका परिषद ने बसों तथा भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने का प्रस्ताव रखा है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी इकरार अहमद ने गुरुवार को शहर ब्यावरा थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजकर सुबह 6 से 10 बजे तक बसों और भारी वाहनों को दूसरे मार्ग से संचालित कराने का अनुरोध किया है।
नगरपालिका ने सुझाव दिया है कि शहीद भरथरे बस स्टैंड से निकलने वाले बसों और भारी वाहनों को पीपल चौराहा से राजगढ़ चौराहा जाने वाले मार्ग के बजाय रेलवे स्टेशन मार्ग से निकाला जाए। वर्तमान में इस प्रमुख सड़क से बसों के साथ बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। सुबह वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यहां यातायात का दबाव भी काफी बढ़ जाता है।
सीएमओ ने पत्र में बताया कि सुबह के समय स्कूली बच्चों, यात्रियों और मजदूरों की आवाजाही अधिक रहती है। बाजारों की ओर जाने वाले लोगों के साथ मंदिरों की तरफ आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी इसी अवधि में बढ़ जाती है। ऐसे में भारी वाहनों के मुख्य मार्ग से गुजरने के कारण जाम के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नगरपालिका का मानना है कि सुबह के चार घंटों के दौरान बसों और भारी वाहनों को रेलवे स्टेशन मार्ग से भेजने पर मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा। इससे आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी बेहतर हो सकती है।
पत्र की प्रतिलिपि राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे और एसडीओपी प्रकाश शर्मा को भी भेजी गई है। अब पुलिस प्रशासन और यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के निर्णय का इंतजार है।
बताया गया है कि करीब दो माह पहले बस स्टैंड के पास सुबह शहर में प्रवेश कर रहे एक भारी वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। ऐसे में नगरपालिका द्वारा सुबह के समय भारी वाहनों का मार्ग बदलने का प्रस्ताव यातायात सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















