पश्चिम बर्दवान, 20 अगस्त।
पश्चिम बर्दवान जिले की रानीगंज पुलिस ने पंजाबी मोड़ इलाके में एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते विफल करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से एक देसी पाइप गन, जिंदा कारतूस, तलवार, खंजर और नायलॉन की रस्सी समेत कई खतरनाक हथियार और एक मारुति ओमनी वैन बरामद की है।
पुलिस को रात की गश्त के दौरान यह सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग हथियारों से लैस होकर किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर अमरासोता मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई, जिसके दौरान इस संदिग्ध वाहन को रोककर यह बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश का मुख्य निशाना कौन था और इस गिरोह के साथ अन्य कौन लोग जुड़े हुए हैं।















