जबलपुर, 20 अगस्त।
मध्य प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन तथा धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने गुरुवार को पंचवटी भेड़ाघाट से 121 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। पांच दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में राज्य मंत्री स्वयं कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल चले। धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा के साथ आयोजित यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव की आराधना के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश लोगों तक पहुंचाना है।
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि भगवान शिव की आराधना प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देती है। कांवड़ यात्रा आस्था और सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से शिव भक्ति के साथ प्रकृति की सेवा का संकल्प भी लिया गया है। मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा। साथ ही रास्ते को स्वच्छ रखने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष स्वच्छता दल भी यात्रा के साथ रहेगा।
यात्रा में अमेरिका से भारत लौटे आईआईटी से शिक्षित सत्येंद्र लोधी की सहभागिता भी विशेष आकर्षण है। करीब 15 वर्ष अमेरिका में रहने के बाद स्वदेश लौटे सत्येंद्र पूरी 121 किलोमीटर की यात्रा पैदल पूरी करेंगे। उनकी भागीदारी युवाओं को अपनी जड़ों, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ने का संदेश दे रही है।
यात्रा के निर्धारित मार्ग के अनुसार पंचवटी भेड़ाघाट से निकलने के बाद श्रद्धालु ग्राम मजीठा, पथरौल, पवई धाम और शहपुरा होते हुए पहले दिन पाटन पहुंचेंगे। दूसरे दिन यात्रा तेंदूखेड़ा, तीसरे दिन तेजगढ़ और चौथे दिन घांघरी पहुंचेगी।
पांचवें दिन कांवड़ यात्रा जबेरा विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा और इसके साथ ही पांच दिवसीय कांवड़ यात्रा का समापन होगा।















