लखनऊ, 20 अगस्त।
मेरठ मेवरिक्स के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अपनी टीम के कप्तान रिंकू सिंह की काबिलियत की जमकर सराहना करते हुए उन्हें दुनिया के शीर्ष फिनिशरों की सूची में शुमार किया है। उनका मानना है कि दबाव से भरे मौकों पर जिस तरह कप्तान पारी को संभालते हैं, वह उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अलग और सर्वश्रेष्ठ बनाता है।
हाल ही में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले के दौरान रिंकू सिंह ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर हारा हुआ मैच अपनी टीम की झोली में डाल दिया था। बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में उन्होंने जिस आक्रामक अंदाज में रन बोट बटोरे, उसने साबित कर दिया कि डेथ ओवरों में उनका मुकाबला करना किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के लिए बेहद कठिन चुनौती है।
युवा तेज गेंदबाज ने कप्तान की कड़ी मेहनत और मैदान पर उनके आक्रामक रवैये की भी प्रशंसा की, जो पूरी टीम में एक नया जोश भर देता है। उनकी अगुवाई में खेल रही मेरठ की यह टीम मौजूदा सत्र में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज बनी हुई है।















