धमतरी, 20 अगस्त।
छत्तीसगढ़ के धमतरी में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के आवास पर दबिश दी है। सुबह-सुबह पहुंची केंद्रीय एजेंसी की टीम ने घर को घेरकर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।
सूत्रों के मुताबिक ईडी की इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। आरोप है कि अवैध कमीशन और काले धन को ठिकाने लगाने के इस पूरे नेटवर्क में रामगोपाल अग्रवाल की संलिप्तता रही है।
कांग्रेस के यह वरिष्ठ नेता पहले से ही रायपुर सेंट्रल जेल में एक अन्य मामले में बंद चल रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया था और अदालत से उनकी रिमांड भी हासिल की गई थी।
जांच अधिकारियों की यह टीम घर के भीतर तमाम वित्तीय अभिलेखों और अन्य अहम साक्ष्यों को खंगालने में जुटी हुई है। बहुचर्चित घोटाले के इस मामले में हो रही इस ताज़ा कार्रवाई से कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।














