लखनऊ, 20 अगस्त।
उत्तर प्रदेश और जापान के बीच संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। जापानी प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश यात्रा के तीसरे दिन लखनऊ में निवेश, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, एमएसएमई और महिला सशक्तीकरण समेत कई क्षेत्रों में व्यापक विचार-विमर्श होगा। दिन की शुरुआत जापानी प्रतिनिधिमंडल की राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मुलाकात से होगी। इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चार क्षेत्रीय सत्र आयोजित किए जाएंगे। समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इससे पहले जापानी प्रतिनिधिमंडल ने आगरा में ताजमहल का भ्रमण किया। प्रतिनिधियों ने तस्वीरें खिंचवाईं और आगंतुक पुस्तिका में अपने अनुभव दर्ज किए। इस दौरान प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश सरकार ने जापानी प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं से परिचित कराने के लिए दिनभर के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल औपचारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं है, बल्कि जापान और उत्तर प्रदेश के बीच दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी तथा संस्थागत सहयोग के लिए आधार तैयार करना भी है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री से होगी दिन की शुरुआत
शुक्रवार सुबह जापानी प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचकर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट करेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात प्रस्तावित है। इन बैठकों में दोनों पक्ष आपसी संबंधों, निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर उच्चस्तरीय चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दिनभर आयोजित विभिन्न क्षेत्रीय कार्यक्रमों में भाग लेगा।
जापानी विद्यार्थी जानेंगे यूपी की शिक्षा व्यवस्था
जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ आए 15 विद्यार्थियों का मोहनलालगंज स्थित अटल विद्यालय का दौरा भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा रहेगा। इन विद्यार्थियों के साथ इन्वेस्ट यूपी के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरे के माध्यम से जापानी विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और राज्य में विकसित किए जा रहे आधुनिक शैक्षणिक मॉडल को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
महिला प्रतिनिधि समझेंगी 1090 की कार्यप्रणाली
जापान से आईं 15 महिला प्रतिनिधियों के लिए भी विशेष कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। महिला एवं बाल कल्याण विभाग के मंत्री के साथ बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित 1090 महिला हेल्पलाइन का भ्रमण करेगा। यहां एडीजी की ओर से महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली को लेकर प्रस्तुतीकरण तथा जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम महिला सुरक्षा और तकनीक आधारित सहायता व्यवस्था से जुड़े अनुभवों को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
ओडीओपी और स्टार्टअप से परिचित होंगे जापानी मेहमान
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदर्शनी और ओडीओपी अनुभव केंद्र में जापानी प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक क्षमता की जानकारी दी जाएगी। यहां यूपीनेडा, पर्यटन, शिक्षा, इन्वेस्ट यूपी, श्रम, सूचना प्रौद्योगिकी एवं स्टार्टअप, ओडीओपी और कौशल विकास से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। जापानी कंपनियों के साथ एकेटीयू, आईआईटी बीएचयू और आईआईटी कानपुर जैसे प्रमुख संस्थान भी अपनी क्षमताओं और संभावनाओं को प्रदर्शित करेंगे। इस तरह एक ही स्थान पर उत्तर प्रदेश के उत्पादों, तकनीक, शिक्षा, स्टार्टअप और निवेश के अवसरों की जानकारी जापानी प्रतिनिधियों को मिलेगी।
कृषि से वैश्विक बाजार तक चार सत्रों में बनेगी कार्ययोजना
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चार समानांतर क्षेत्रीय सत्र आयोजित होंगे। इनमें उत्तर प्रदेश और जापान के बीच साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। ‘खेत से वैश्विक थाली तक’ सत्र में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने तथा जापानी सहयोग की संभावनाओं पर विचार होगा। जापानी पर्यटन सत्र में पर्यटन क्षेत्र में सहयोग और पर्यटकों के आवागमन की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। उत्तर प्रदेश-जापान स्वास्थ्य सेवा एवं देखभाल अर्थव्यवस्था साझेदारी सत्र में स्वास्थ्य और देखभाल क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे। वहीं जापान-उत्तर प्रदेश एमएसएमई साझेदारी मंच में प्रदेश के व्यापक एमएसएमई नेटवर्क और जापानी तकनीक, निवेश एवं विशेषज्ञता के बीच तालमेल पर मंथन होगा। इन सत्रों में संभावित निवेश और कारोबारी सहयोग को क्षेत्रवार आगे बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष ध्यान रहेगा।
समझौतों से सहयोग को मिलेगा संस्थागत आधार
दिन के दौरान विधानसभा में समझौता ज्ञापन के आदान-प्रदान को लेकर बैठक भी प्रस्तावित है। इससे जापानी प्रतिनिधिमंडल की लखनऊ यात्रा केवल संवाद और निवेश संबंधी चर्चा तक सीमित न रहकर संभावित समझौतों के जरिए साझेदारी को संस्थागत रूप देने की दिशा में आगे बढ़ेगी। दोपहर में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के बीच भी बैठक प्रस्तावित है। इसे ऊर्जा क्षेत्र में संभावित सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा समापन
दोपहर बाद रंग भारती की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद शाम को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में समापन सत्र आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
यह सत्र पूरे आयोजन के निष्कर्षों को सामने रखने के साथ उत्तर प्रदेश और जापान के बीच भविष्य की साझेदारी की दिशा तय करने वाला प्रमुख मंच बनेगा। इसके बाद आयोजित चाय मिलन के दौरान जापानी प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को अनौपचारिक बातचीत का अवसर मिलेगा। रात में मुख्यमंत्री आवास पर रात्रिभोज के साथ दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों का समापन होगा।















