अयोध्या, 20 अगस्त।
राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा अयोध्या के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं, जहां उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही आगामी योजनाओं का जायजा लिया है। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंदिर परिसर से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की समयसीमा की पूरी जानकारी साझा की।
मिश्र ने उम्मीद जताई है कि अगले महीने के अंत तक मंदिर परिसर के अधिकांश कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि निर्माण एजेंसियों के कर्मचारी तय समय तक अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएंगे। इसके बाद मुख्य रूप से भव्य संग्रहालय और ऑडिटोरियम से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बनने वाले इस संग्रहालय में कुल बीस आधुनिक गैलरियां तैयार की जा रही हैं, जिनमें अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। आईआईटी मद्रास के तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार हो रही इन गैलरियों में इमर्सिव टेक्नोलॉजी के जरिए भक्तों को दिव्य दर्शन और विभिन्न प्रसंगों की अनुभूति कराई जाएगी।















