भोपाल, 20 अगस्त।
मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की ओर से रखे गए मामलों की जानकारी लेने के साथ संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
मंत्री भूरिया ने कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत अलग-अलग प्रकरणों को गंभीरता से सुना। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उनमें संबंधित अधिकारियों से सीधे चर्चा कर समाधान कराने का प्रयास किया गया। वहीं जिन प्रकरणों में विभागीय प्रक्रिया जरूरी थी, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनके माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं की गंभीरता से जांच की जाएगी। पात्र मामलों में नियमानुसार जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई में देरी न हो और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।















