सेंट लुइस, 20 अगस्त।
अमेरिका के सेंट लुइस में खेले गए प्रतिष्ठित सिनक्विफील्ड कप में भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता के रूप में अपने अभियान का अंत किया है। खिताबी मुकाबले के लिए खेले गए रोमांचक आर्मगेडन मैच में उन्हें अमेरिका के दिग्गज खिलाड़ी वेस्ली सो के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले प्रज्ञानानंद ने नीदरलैंड्स के अनीश गिरी के खिलाफ अपना अंतिम क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ खेला था, जिसके बाद शीर्ष स्थान पर काबिज वेस्ली सो के साथ उनका टाईब्रेकर मुकाबला हुआ। दोनों रैपिड बाजियां ड्रॉ रहने के बाद हुए आर्मगेडन मुकाबले में सो ने बेहतर खेल दिखाते हुए जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया।
इस प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने से प्रज्ञानानंद को एक बड़ा फायदा मिला है और उन्होंने आगामी ग्रैंड चेस टूर फाइनल के लिए आधिकारिक तौर पर क्वालीफाई कर लिया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले आगामी 22 अगस्त से खेले जाएंगे, जिसमें दुनिया के चुनिंदा शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।















