झांसी, 20 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के रक्सा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और लूट के मामले में वांछित चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। यह सनसनीखेज मुठभेड़ रक्सा टोल के पास नयाखेड़ा रोड पर हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो मुख्य आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जब बदमाशों को घेरने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने कुछ दिन पहले एक पेट्रोल पंप संचालक के साथ हुई लूट और अपहरण के प्रयास के इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए आगे की विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।















