सबलगढ़, 21 अगस्त।
मुरैना जिले के नगर पालिका परिषद सबलगढ़ में जनहित के मुद्दों को लेकर पिछले 105 दिनों से चल रहे सत्याग्रह के बीच शुक्रवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। सुबह सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सत्याग्रह स्थल पहुंचे और पार्षदों से चर्चा की। वहीं रात में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पार्षद दल के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सुबह नगर पालिका पहुंचकर सत्याग्रह में शामिल पार्षदों से मिले। उन्होंने सभी पार्षदों से अलग-अलग बातचीत कर नगर पालिका की स्थिति, वार्डों में चल रहे विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
पार्षदों ने सांसद के सामने नगर पालिका की कार्यप्रणाली से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष सोनेराम धाकड़ के कार्यकाल में भ्रष्टाचार हुआ और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद नहीं किया गया। पार्षदों ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर दिसंबर में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था और नगर विकास व जनता की समस्याओं को लेकर वे लगातार आवाज उठा रहे हैं।
सांसद ने पार्षदों की सभी बातें सुनीं और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई बैठक
सांसद से मुलाकात के बाद रात में कलंगी रिसॉर्ट में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ पार्षद दल की बैठक हुई। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों और नगर से जुड़े मुद्दों को सामने रखा।
पार्षदों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों में आ रही बाधाओं और जनहित से जुड़े मामलों पर चर्चा की। उन्होंने अध्यक्ष को हटाने की मांग भी रखी। पार्षदों का कहना था कि उनका उद्देश्य नगर का विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक के दौरान 5 कांग्रेस और 5 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा नेतृत्व के प्रति समर्थन और विश्वास जताया। इसके बाद सांसद शिवमंगल सिंह तोमर और भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह ने सभी पार्षदों को भाजपा की पट्टिका पहनाई।
पार्षदों ने संगठन के नेतृत्व में जनहित और नगर विकास के मुद्दों पर मिलकर काम करने की बात कही। 105 दिनों से जारी सत्याग्रह के बाद एक ही दिन में सांसद और विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई चर्चा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, पूर्व जिला अध्यक्ष योगेश पाल गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता बनवारी शुक्ला, अजब सिंह सिकरवार और नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत बंसल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
लंबे समय से चल रहे सत्याग्रह के बाद शुक्रवार को हुए संवाद से पार्षदों को अब समाधान की उम्मीद है। उन्हें उम्मीद है कि वरिष्ठ नेतृत्व के हस्तक्षेप से नगर पालिका से जुड़े विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर आगे ठोस कार्रवाई होगी।















