भोपाल, 21 अगस्त।
नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और विकास की दिशा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार 22 अगस्त को ‘एमपी: अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ सत्र में प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक विकास यात्रा पर अपने विचार साझा करेंगे।
जानकारी के अनुसार, ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 का आयोजन 21 और 22 अगस्त को नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस मंच पर देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति, नीति निर्माता और वैश्विक विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।
फोरम के दूसरे दिन आयोजित विशेष सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और राज्य को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। यह सत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रदेश की संभावनाओं को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
टेक्सटाइल क्षेत्र पर भी होगी चर्चा
ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को भी विशेष महत्व दिया गया है। 22 अगस्त को ‘वीविंग द फ्यूचर: बिल्डिंग एन इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल वैल्यू चेन इन एमपी’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा।
इस सत्र में उद्योग सचिव जॉन किंग्सली, ओरिएंट क्राफ्ट के संस्थापक सुधीर धींगरा और पीडब्ल्यूसी इंडिया के रानेन बनर्जी शामिल होंगे। इसमें प्रदेश में एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन विकसित करने, उद्योगों के विस्तार और निवेश के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
वैश्विक मुद्दों पर भी होगा मंथन
फोरम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वैश्विक पूंजी, नई अर्थव्यवस्था, ऊर्जा संक्रमण, व्यापार एवं आपूर्ति श्रृंखला, भारत-अमेरिका संबंध और वैश्विक निवेश जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 मध्यप्रदेश के लिए अपनी औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।















