नई दिल्ली, 21 अगस्त।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (एनसीएसके) का 32वां स्थापना दिवस कार्यक्रम रविवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 900 कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की गरिमा, कल्याण, पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना है। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी पहलों के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जाएगी।
स्थापना दिवस के अवसर पर एनसीएसके की ओर से सभी हितधारकों के लिए मिस्ड-कॉल सुविधा नंबर भी जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से आयोग लोगों से उनकी शिकायतों, समस्याओं और अभ्यावेदनों को दर्ज कराने के लिए संपर्क करेगा, ताकि मामलों का समाधान तय समय सीमा में किया जा सके।
कार्यक्रम में एनसीएसके के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले और बीएल वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा एनसीएसके के सदस्य करम सिंह कर्मा, सचिव राहुल कश्यप और अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।















