Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
राजनीति
21 Aug, 2026

सिलीगुड़ी में न्याय संहिता प्रदर्शनी शुरू, अमित शाह बोले- डर नहीं भरोसे की सरकार

सिलीगुड़ी में नए आपराधिक कानूनों को लेकर आयोजित न्याय संहिता प्रदर्शनी का अमित शाह ने उद्घाटन किया और कानून व्यवस्था में बदलाव को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं बताईं।

सिलीगुड़ी, 21 अगस्त।

उत्तर बंगाल के प्रवेश द्वार सिलीगुड़ी में नए आपराधिक कानूनों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बड़ी कानूनी प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कावाखाली मैदान में ‘5 स्तंभ : बदली हुई न्याय व्यवस्था’ थीम पर आयोजित न्याय संहिता प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

यह प्रदर्शनी 21 से 26 अगस्त तक चलेगी। इसका उद्देश्य पुराने भारतीय दंड संहिता (1860), दंड प्रक्रिया संहिता (1973) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (1872) की जगह लागू किए गए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख बदलावों और प्रावधानों को आम लोगों को सरल तरीके से समझाना है।

उद्घाटन के बाद अमित शाह ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, मंत्री निशीथ प्रमाणिक, दार्जिलिंग सांसद राजू बिष्ट सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जलपाईगुड़ी, इस्लामपुर और दार्जिलिंग के स्कूल-कॉलेजों से विद्यार्थियों को भी प्रदर्शनी दिखाने के लिए लाया गया।

मंच से संबोधित करते हुए अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में नए न्याय कानूनों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, लेकिन पश्चिम बंगाल में इसकी अधिसूचना जारी नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि नए कानून लागू होने से सिंडिकेट, वसूली, धन उगाही और भय का माहौल समाप्त होगा।

अमित शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने बंगाल की जनता से ‘डर नहीं, भरोसे की सरकार’ देने का वादा किया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पद संभालने के बाद जिन शुरुआती फाइलों पर हस्ताक्षर किए, उनमें तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने से जुड़ी फाइल भी शामिल थी।

गृह मंत्री ने नए कानूनों में तकनीक के इस्तेमाल को बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में तकनीक आधारित साक्ष्यों का अधिक उपयोग किया जाएगा, जिससे जांच प्रक्रिया तेज और प्रभावी होगी।

उन्होंने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले लोगों को शिकायत दर्ज कराने में आसानी होगी। शिकायतों को संबंधित थाने तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी सरल होगी।

अमित शाह ने बताया कि छह वर्ष या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में फोरेंसिक जांच और रिपोर्ट को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीक, पारदर्शिता और तय समयसीमा के आधार पर न्याय व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नए कानूनों में एफआईआर दर्ज होने के बाद तीन वर्ष के भीतर सुप्रीम कोर्ट तक न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

गृह मंत्री ने महिला और बच्चों की सुरक्षा को नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर जांच व्यवस्था से अपराधों की जांच अधिक प्रभावी होगी।

अपने संबोधन में अमित शाह ने राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार और कानूनों में बदलाव के साथ बंगाल में लंबे समय बाद कानून का शासन मजबूत होगा।

उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम, घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई, वसूली विरोधी हेल्पलाइन नंबर 155334, किसानों को बढ़ी सहायता, सातवें वेतन आयोग और डीए से जुड़े कैबिनेट फैसलों के साथ महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों का भी उल्लेख किया।

कावाखाली मैदान में आयोजित यह प्रदर्शनी कई दिनों तक जारी रहेगी। अमित शाह ने लोगों से नए कानूनों को समझने और बंगाल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की।

|
वीडियो फीचर

शिवपुरी में शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस से विवाद, लाठियां चलीं


पांढुरना में गोटमार परंपरा के नाम पर बरसे पत्थर, 700 पुलिसकर्मी तैनात

जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा एनकाउंटर में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान | दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे!

भोपाल में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने का आंदोलन, सड़क जाम से भारी ट्रैफिक

शिक्षक दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, TET अभ्यर्थी दे सकेंगे ऑफलाइन परीक्षा

आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

22° / 31°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़