भोपाल, 21 अगस्त।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार को राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नति से जुड़ी लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में वर्तमान में राज्य पुलिस सेवा की कैडर स्ट्रेंथ 1269 है। अधिकारियों के लिए निर्धारित आयु सीमा तक आईपीएस में चयन ही पदोन्नति का एकमात्र अवसर रहता है।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने नॉन कैडर पदों पर नियुक्ति, प्रतिनियुक्ति के बेहतर अवसर और वन टाइम एक्सेम्पशन से जुड़े सुझाव भी रखे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनते हुए सुझावों का परीक्षण कराने के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे अधिकारी
राज्य पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष प्रणय नागवंशी के अलावा रश्मि खर्या, मंजुलता खत्री, शैलेन्द्र चौहान, संजय साहू, अरविंद दुबे, रूपेश द्विवेदी और प्रांजलि शुक्ला प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।















