भोपाल, 21 अगस्त।
मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई अधिकारियों को वर्तमान पदस्थापना से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत अधिकारियों को उनके नाम के सामने दर्शाए गए नए पदों पर अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। सूची में अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आयुक्त और उप सचिव स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
जारी सूची के अनुसार, संजना जैन को मेहर जिले के अपर कलेक्टर पद से हटाकर मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वहीं जगदीश कुमार गोमे को जिला पंचायत सिंगरौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से हटाकर जिला पंचायत सागर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में अभिषेक चौधरी को जिला पंचायत धार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से नगर पालिक निगम ग्वालियर में आयुक्त बनाया गया है। वहीं ग्वालियर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय को जिला पंचायत सिंगरौली का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां मिली हैं। इनमें जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर आयुक्त, अनुविभागीय अधिकारी और सहायक कलेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
आदेश में काजल जावला, नागार्जुन बी. गौड़ा, अनिल कुमार दमोर, अभिषेक सराफ, विवेक के.बी., सौम्या आनंद सहित कई अधिकारियों के पदों में बदलाव किया गया है। कुछ अधिकारियों को मंत्रालय और विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
प्रशासनिक फेरबदल में 2018, 2019, 2020, 2021, 2022 और 2024 बैच के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। सूची में कुल 32 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना का उल्लेख है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को इसकी सूचना भेजी गई है। आदेश की प्रतियां विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों को भी प्रेषित की गई हैं।















