सीहोर, 21 अगस्त।
मध्य प्रदेश में चल रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को शाहगंज में आयोजित जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम और शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। अन्य आवेदनों के जल्द समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों की मौजूदगी रही। सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनता की सेवा और शासन के प्रति लोगों के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और उनका समाधान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना उनका अधिकार है, इसलिए उन्हें लाभ पाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तेजी से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
शिविर में केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से आमने-सामने चर्चा की। उन्होंने पूछा कि योजनाओं का लाभ उन्हें आसानी से मिला या नहीं और किसी तरह की परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ा।
शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पहले 10 हजार रुपये का ऋण लिया था और अब 25 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के तहत उनका ऋण स्वीकृत हुआ है।
वहीं जितेंद्र और भागीरथ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। आवास की सभी किस्तें मिलने के बाद उनका पक्का मकान तैयार हो चुका है। केंद्रीय मंत्री ने हितग्राहियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शिविर में मिले 68 आवेदन
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। शाहगंज में आयोजित शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, राज्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, शाहगंज नगर परिषद अध्यक्ष सोनम भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सिलाई कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मनोहर लाल महेश्वरी, बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ अर्चना पटेल, एसडीएम संजीव कुमार नागू, नगर परिषद सीएमओ रामानुज मिश्रा और जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।















