मैकाय, 21 अगस्त।
बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट मुकाबले को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करने की सोच रही है। टीम प्रबंधन अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखकर पूरी तरह से तेज गेंदबाजों के आक्रमण के साथ मैदान पर उतरने पर विचार कर रहा है। इसके साथ ही प्रतिभाशाली बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ की अंतिम एकादश में वापसी लगभग पक्की मानी जा रही है।
कप्तान पैट कमिंस ने एक बयान में स्पष्ट किया कि अंतिम एकादश को लेकर अंतिम निर्णय शनिवार को टॉस से ठीक पहले पिच और मैदानी हालात का जायजा लेने के बाद लिया जाएगा। ग्रेट बैरियर रीफ एरिना की परिस्थितियों को देखते हुए स्कॉट बोलैंड को शामिल करने और तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का विकल्प टटोला जा रहा है।
कप्तान कमिंस के कार्यकाल के दौरान यह पहला मौका हो सकता है जब फिट होने के बावजूद लियोन को टेस्ट टीम से बाहर बैठना पड़े। हालांकि, पिछले साल गुलाबी गेंद से खेले गए टेस्ट मुकाबलों में भी ऑस्ट्रेलिया बिना किसी मुख्य स्पिनर के सिर्फ तेज गेंदबाजों के भरोसे उतरा था।
सलामी बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ ने अपना पिछला टेस्ट मैच साल 2023 में भारत के खिलाफ खेला था और अब उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी तय हो गई है। वह एक बार फिर पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि रेनशॉ ने 2016-17 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 20 वर्ष की उम्र में बतौर ओपनर शानदार शतक जड़ा था।
क्वींसलैंड के इस खिलाड़ी का घरेलू मैदान मैकाय पर शानदार रिकॉर्ड रहा है और उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यहां दो शतक भी लगाए हैं। उन्हें जेक वेदराल्ड के स्थान पर टीम में जगह मिली है, जिन्हें मात्र एक टेस्ट के बाद ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।
दोनों टीमों के चयनित खिलाड़ी इस प्रकार हैं:
ऑस्ट्रेलियाई टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।
बांग्लादेश टीम: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मेहदी हसन मिराज (उपकप्तान), सौम्य सरकार, शादमान इस्लाम, तंजीद हसन तमीम, मोमिनुल हक शोहराब, मुशफिकुर रहीम, लिटन दास, अमीते हसन, जाकेर अली अनिक, ताइजुल इस्लाम, तस्किन अहमद, हसन महमूद, सैयद खालिद अहमद, एबादत हुसैन चौधरी, मुस्फिक हसन, शरीफुल इस्लाम।















