वाराणसी, 22 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “जल है तो कल है” संदेश से प्रेरित होकर वाराणसी के आराजी लाइन क्षेत्र स्थित शिवरामपुर प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए जल संरक्षण जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
शिवरामपुर प्राथमिक विद्यालय में चलाए गए इस अभियान की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने शनिवार को इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल के जरिए बच्चों को जल का महत्व, पानी के सही उपयोग और हर बूंद को बचाने की जरूरत के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण का संदेश देने वाली नोटबुक भी वितरित की गईं, ताकि पानी बचाने की सीख केवल स्कूल तक सीमित न रहकर उनके रोजमर्रा के जीवन और परिवारों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आज की जागरूक पीढ़ी ही जल सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री की प्रशंसा से शिवरामपुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों ने जल संरक्षण अभियान को प्रोत्साहन देने के लिए जलशक्ति मंत्री का आभार व्यक्त किया है।















